कोलकाता। पश्चिम बंगाल के 2,208 बूथों से सभी गणना फॉर्म सोमवार तक भरकर वापस कर दिए गए, जिसका मतलब है कि इनमें से किसी भी बूथ पर एक भी मृत, डुप्लीकेट या लापता मतदाता नहीं है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि ऐसे बूथों में सबसे ज्यादा 760 दक्षिण 24 परगना जिले में हैं, इसके बाद पुरुलिया में 228 और मुर्शिदाबाद में 226 बूथ हैं। हावड़ा जिले में ऐसे 94 बूथ हैं और कोलकाता में एक बूथ है।  पश्चिम बंगाल में वर्तमान में 78,000 से अधिक बूथ हैं, जो 294 विधानसभा क्षेत्रों में फैले हुए हैं।  निर्वाचन आयोग के एक सूत्र ने कहा कि इन बूथों को जांच के दायरे में रखा जाएगा। सूत्र ने कहा, हमने इन जिलों और क्षेत्रों के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। इन बूथों पर कोई मृत मतदाता न होने के अलावा कोई डुप्लीकेट मतदाता या अप्राप्य मतदाता भी नहीं है।  निर्वाचन आयोग ने कहा कि चार नवंबर को शुरू किए गए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के 27वें दिन सोमवार अपराह्न तक 7,65,62,486 फॉर्म वितरित किए गए।  यह कुल मतदाताओं की संख्या का 99.90 प्रतिशत है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि इस तिथि तक कुल 7,38,57,023 गणना फॉर्म डिजिटल रूप से अपलोड किए गए थे, जो बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा वितरित और एकत्र किए गए कुल फॉर्म का 96.37 प्रतिशत है।