पुणे। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने यहां रविवार को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की 149वीं पासिंग आउट परेड (पीओपी) में पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार को सोमवार को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। एडमिरल ने स्वीकार किया कि कुछ अधिकारियों का लहजा और भाषा अनुचित थी। रविवार को पीओपी कार्यक्रम में शामिल पत्रकारों ने यह दावा करते हुए पत्रकारों के बैठने की व्यवस्था का विरोध किया कि उन्हें परेड ग्राउंड से दूर बैठाया गया है, जिससे कवरेज में बाधा आ रही है। कथित तौर पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनसे कहा था कि अगर वे असंतुष्ट हैं तो बाहर चले जाएं। बहस के बाद, पत्रकार कार्यक्रम से बाहर चले गए। पुणे यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (पीयूडब्ल्यूजे) के एक प्रतिनिधि समेत मीडियाकर्मियों के एक समूह ने सोमवार को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में आयोजित जनरल बीसी जोशी स्मृति व्याख्यान में नौसेना प्रमुख के संबोधन के बाद उन्हें एक औपचारिक शिकायत सौंपी। नौसेना प्रमुख ने कहा, मुझे आज की खबरों में ही इस घटना के बारे में पता चला। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। कुछ अधिकारियों का लहजा और भाषा अनुचित थी। धार (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश के धार जिले में किसानों ने कर्ज माफी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) गारंटी के लिए कानून बनाने व गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग को लेकर सोमवार को एक टोल प्लाजा पर धरना दिया।हालांकि, देर शाम धार जिलाधिकारी प्रियंक मिश्रा ने किसान नेताओं से बातचीत की और संवाददाताओं को बताया कि प्रशासन की ओर से किसानों की मांग को लेकर आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने धरना स्थगित कर दिया है।उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर आक्रोशित किसानों के साथ बातचीत की गई और इस दौरान यह निर्णय लिया गया है कि उनकी वे मांगें, जिन्हें केंद्र द्वारा हल किया जा सकता है, उन्हें क्षेत्र के स्थानीय सांसदों के माध्यम से उचित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
