कोलकाता/बहरामपुर। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद के निर्माण की घोषणा करके विवाद खड़ा करने वाले भरतपुर के विधायक हुमायूं कबीर को बृहस्पतिवार को पार्टी से निलंबित कर दिया। पिछले कुछ वर्षों में पार्टी के आंतरिक मामलों समेत विभिन्न मुद्दों पर विवादित बयान देकर चर्चा में रहे कबीर ने कहा था कि छह दिसंबर को बेलडांगा में मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी। तृणमूल के वरिष्ठ नेता फिरहाद हाकिम ने निलंबन की घोषणा करते हुए कहा कि कबीर का व्यवहार ऐसे समय में अत्यंत अनुशासनहीनता है, जब पार्टी राज्य में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए काम कर रही है। ममता बनर्जी सरकार में वरिष्ठ मंत्री हाकिम ने कहा, कबीर सांप्रदायिक राजनीति में लिप्त हैं, जिसके टीएमसी सख्त खिलाफ है। टीएमसी सांप्रदायिक राजनीति में विश्वास नहीं रखती। अब उनका पार्टी के साथ कोई संबंध नहीं है। हमारे शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर उन्हें निलंबित किया जा रहा है। निलंबन की घोषणा के समय कबीर बहरामपुर में उस मैदान में मौजूद थे, जहां मुख्यमंत्री रैली को संबोधित करने वाली हैं। कबीर ने प्रतिक्रिया मांगे जाने पर पत्रकारों से कहा कि निलंबन जानबूझकर किया गया अपमान है। उन्होंने कहा कि वह विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर 22 दिसंबर को मुर्शिदाबाद में नया राजनीतिक संगठन बनाएंगे। कबीर ने कहा कि उनका नया संगठन अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 294 में से 135 सीट पर उम्मीदवार उतारेगा।
