नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निदेशक राहुल नवीन ने एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि प्रवर्तन कार्वाई के दौरान व्यक्तिगत अधिकारों का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। निदेशक ने यह भी कहा कि अधिकारी ऐसे उच्च प्रभाव वाले मामलों पर ध्यान केंद्रित करें, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और वित्तीय प्रणाली के लिए बड़े खतरे पैदा कर सकते हैं। यह बातें उन्होंने ईडी के क्षेत्रीय अधिकारियों के दो दिवसीय त्रैमासिक सम्मेलन के दौरान कहीं, जो शनिवार को गुजरात के केवड़िया में संपन्न हुआ। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया कि वित्तीय प्रणाली और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले उच्च-प्रभाव वाले मामलों की पहचान करना आवश्यक है। सम्मेलन में यह भी चर्चा हुई कि सबूत इकट्ठा करने और बदलते अपराध पैटर्न के अनुसार, विशेषकर धनशोधन, मानव तस्करी और मादक पदार्थ तस्करी जैसे क्षेत्रों में अपने तरीकों को ढालने के लिए मजबूत तंत्र की आवश्यकता है।
