प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री से बात की

गृहमंत्री शाह ने कहा लोगों की मौत बेहद दुखद है।

पणजी। उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार आधी रात के बाद भीषण आग लग जाने से 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लोग पणजी से 25 किलोमीटर दूर अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब के भूतल पर फंस गए थे जिसके कारण अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने से हुई। एक ग्राम अधिकारी ने दावा किया कि निर्माण अनधिकृत था, लेकिन क्लब को ढहाए जाने के नोटिस पर एक उच्च प्राधिकारी ने रोक लगा दी थी।
 
 
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उन अधिकारियों के खिलाफ कार्वाई करने का संकल्प व्यक्त किया है जिन्होंने सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के बावजूद इसे संचालित करने की अनुमति दी थी।पुलिस ने बताया कि मृतकों में चार पर्यटक और 14 कर्मचारी शामिल हैं जबकि बाकी सात की पहचान अभी नहीं हो पाई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने इस घटना में लोगों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की।
 
 
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, गोवा के अरपोरा में हुए हादसे में मारे गए प्रत्एक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को पचास-पचास हजार रुपए दिए जाएंगे।  प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग पहली मंजिल पर लगी थी और भीड़भाड़ होने एवं छोटे दरवाजों के कारण ग्राहक बाहर नहीं जा सके।मुख्यमंत्री सावंत ने कहा, कुछ लोग भूतल पर भाग गए और वहीं फंस गए। 
 
 
सावंत ने कहा, हम क्लब प्रबंधन और उन अधिकारियों के खिलाफ कार्वाई करेंगे जिन्होंने सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन होने के बावजूद इसे संचालित करने की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि नाइट क्लब के मालिक एवं महाप्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। सावंत ने कहा, तटीय राज्य में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना ऐसे समय में हुई है जब बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं।  मुख्यमंत्री ने कहा, हम घटना की मजिस्ट्रेट से विस्तृत जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्वाई की जाएगी। 
 
 
राज्य पुलिस ने शुरुआत में कहा था कि आग सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी थी लेकिन कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया था कि आग क्लब की पहली मंजिल पर लगी थी, जहां पर्यटक नाच रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि जब आग लगी तो कम से कम 100 लोग डांस फ्लोर पर मौजूद थे और स्वयं को बचाने के लिए उनमें से कुछ लोग नीचे की ओर रसोईघर में भाग गए जहां वे कर्मचारियों के साथ फंस गए।  हैदराबाद की निवासी एक पर्यटक फातिमा शेख ने अरपोरा में पीटीआई-भाषा से कहा, आग की लपटें उठते ही अचानक अफरा-तफरी मच गई। हम क्लब से बाहर भागे तो देखा कि पूरा क्लब आग की लपटों में घिरा हुआ था। 
 
उन्होंने बताया कि सप्ताहांत होने की वजह से नाइट क्लब खचाखच भरा हुआ था और डांस फ्लोर पर कम से कम 100 लोग थे।शेख ने बताया कि आग लगने के बाद कुछ पर्यटक नीचे की ओर भागे और भूतल पर स्थित रसोई में चले गए। उन्होंने कहा, वे (पर्यटक) अन्य कर्मचारियों के साथ वहीं फंस गए। कई लोग क्लब से बाहर निकलने में कामयाब रहे।  शेख ने कहा कि कुछ ही देर में पूरा क्लब आग की चपेट में आ गया।