नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मोदी ने संसद भवन में बिहार के राजग सांसदों से मुलाकात के कुछ घंटों बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने एक्स पर इस मुलाकात की फोटो साझा करते हुए लिखा, बिहार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आज संसद भवन में राज्य के राजग सांसदों से हुई मुलाकात ने नई ऊर्जा से भर दिया। इस दौरान प्रदेश के मेरे परिवारजनों के जीवन को और आसान बनाने के लिए उनके संकल्प को देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। डबल इंजन सरकार राज्य की जनता-जनार्दन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ने वाली है। मोदी ने राजग सांसदों से हाल में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ गठबंधन की शानदार जीत के बाद लोगों के कल्याण के लिए और अधिक उत्साह के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है।
