डिब्रूगढ़ (असम)। वायुसेना प्रमुख ए पी सिंह ने बुधवार को यहां कहा कि भारतीय वायुसेना किसी भी शत्रु देश के दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।वर्ष 1971 में पाकिस्तान पर भारत की विजय के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे विजय दिवस के अवसर पर आयोजित हवाई प्रदर्शन में भाग लेते हुए एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना पिछले अनुभवों के आधार पर अपनी स्टील्थ क्षमता और रणनीति में लगातार सुधार कर रही है।उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, अगर कोई शत्रु राष्ट्र किसी भी तरह का दुस्साहस करता है, तो हम उसे करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सिंह ने जोर देकर कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर भारत, विशेष रूप से भारतीय वायुसेना, दो मोर्चों पर युद्ध लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में भारतीय वायुसेना के योगदान को याद करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले कदमों पर प्रकाश डाला।
