गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में एक शॉपिंग मॉल और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की प्रीमियम तथा वाणिज्यिक बैंकिंग शाखा वाले एक वाणिज्यिक परिसर में लगी आग पर 40 घंटे बाद बृहस्पतिवार शाम काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आग बुझाने के अभियान में भारतीय वायुसेना, भारतीय सेना और गुवाहाटी रिफाइनरी के जल टैंकरों ने भी मदद की। आग बुधवार रात करीब 12.30 बजे एबीसी प्वाइंट स्थित स्वागत स्क्वायर कॉम्प्लेक्स में लगी थी। एसबीआई के दफ्तरों के अलावा इस परिसर में सोहम एम्पोरिया नामक शॉपिंग मॉल भी स्थित है।अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, शाम चार बजे आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि हम आज रात भी इमारत की निगरानी करेंगे और कल दिन के उजाले में पूरी तरह से तलाश अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों द्वारा उचित सुरक्षा जांच के बाद ही भवन को मालिक और सरकारी एजेंसियों को सौंपा जाएगा। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को भी धुआं कम करने वाले अत्याधुनिक उपकरणों के साथ अभियान में सहायता के लिए बुलाया गया। अभियान में दमकल की 28 गाड़ियां शामिल थीं।
