हैदराबाद। तेलंगाना में ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने दी। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और रात आठ बजे की स्थिति के अनुसार मतगणना जारी थी। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 54,40,339 पात्र मतदाताओं में से 46,70,972 ने अपने मताधिकार का उपयोग करते हुए मतदान किया और इस तरह से 85.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) महेश एम. भागवत ने पीटीआई-भाषा को बताया, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत के 3,911 पद और 29,917 वार्ड सदस्य सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे से अपराह्न एक बजे तक हुआ। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने राज्य भर में अधिकतर सरपंच पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की शानदार जीत का दावा करते हुए कहा कि नतीजे सरकार के शासन पर ग्रामीण मतदाताओं के भरोसे को दिखाते हैं।
