नई दिल्ली। बिहार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं की ओर से उन्हें दिए जा रहे बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नबीन का समृद्ध संगठनात्मक अनुभव आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करेगा।नबीन (45) को रविवार को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया और संभावना है कि वे अंतत: जे.पी. नड्डा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे, जो सत्तारूढ़ पार्टी में एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है।प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है। मोदी ने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई। गृह मंत्री शाह ने नबीन के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में या छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी के रूप में अपनी हर जिम्मेदारी को पूर्ण समर्पण और सफलता के साथ निभाया है।उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा एवं भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं।