नई दिल्ली/पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दरभंगा सदर सीट से विधायक और पूर्व मंत्री संजय सरावगी को सोमवार को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। इसमें कहा गया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सरावगी को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सरावगी (56) प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे।
 
 
सरावगी लगातार पांच बार के विधायक हैं और राज्य सरकार में मंत्री भी रहे हैं। सरावगी को दरभंगा और मिथिला क्षेत्र में भाजपा का चर्चित एवं पुराना चेहरा माना जाता है। जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर सरावगी को बधाई दी तथा विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को एक नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।उन्होंने कहा, लोकप्रिय विधायक संजय सरावगी को बिहार में भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके सक्षम नेतृत्व में, संगठन को एक नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
 
 
  उन्होंने कहा, वह बिहार में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक सशक्त, अनुशासित एवं जनोन्मुखी बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। आपके यशस्वी कार्यकाल के लिए ढेरों मंगलकामनाएं।  बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सरावगी को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, संजय सरावगी को बिहार में भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर मैंने मिलकर हार्दिक बधाई एवं यशस्वी कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं दीं।  उन्होंने कहा, आपके नेतृत्व में बिहार भाजपा संगठन निश्चित ही एक नई ऊर्जा के साथ जनसेवा की भावना से ऐतिहासिक कार्य करेगी।