नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को प्रकाशित तीन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची में 12.32 करोड़ मतदाताओं के नाम पाए गए हैं, जबकि 27 अक्टूबर को मतदाता सूची में 13.36 करोड़ लोग शामिल थे। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मसौदा मतदाता सूची में उन नए मतदाताओं के नाम भी शामिल हैं, जिन्होंने मतदाता बनने के लिए फॉर्म 6 भरा था। पश्चिम बंगाल में, 27 अक्टूबर तक 7.66 करोड़ मतदाताओं में से 7.08 करोड़ मतदाताओं को मसौदा मतदाता सूची में शामिल किया गया, यानी 58 लाख का अंतर है। आयोग के अधिकारियों ने कहा कि जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र वापस नहीं किए, उन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतादो जगह मतदाता (एएसडी) वाली श्रेणी में शामिल किया गया है।उनके नाम सूची से नहीं हटाए गए हैं और अगले साल फरवरी में अंतिम सूची प्रकाशित होने से पहले संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी इस संबंध में निर्णय लेंगे। राजस्थान में 5.48 करोड़ मतदाताओं में से 5.04 करोड़ मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो चुका है और 44 लाख मतदाताओं को एएसडी श्रेणी में शामिल किया गया है। गोवा में 11.85 लाख मतदाताओं में से 10.84 लाख को मसौदा मतदाता सूची में शामिल किया गया है, जबकि अन्य 1.01 लाख एएसडी श्रेणी में हैं।