नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ ईडी के आरोप-पत्र का संज्ञान लेने से अदालत का इनकार उन्हें क्लीन चिट नहीं देती है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बताया कि सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दायर एक निजी शिकायत में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और विश्वासघात का आरोप लगाया गया है और इससे उत्पन्न प्राथमिक आपराधिक मामला अब भी दिल्ली की अदालत में विचाराधीन है।दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पांच अन्य के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा लगाए गए धनशोधन के आरोप का संज्ञान लेने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि एजेंसी की जांच एक निजी शिकायत से शुरू हुई थी, न कि प्राथमिकी से। अदालत के आदेश का हवाला देते हुए कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि उसकी अवैध कार्वाई और राजनीति से प्रेरित अभियोजन पूरी तरह से उजागर हो गए हैं।भाटिया ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, संज्ञान न लेना क्लीन चिट नहीं है, कानून हैशटैग पर नहीं चलता।