नई दिल्ली। कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह के पिछले साल संसद में दिए गए बयान का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि महात्मा गांधी, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम और उनकी विचारधारा से नफ़रत ही भाजपा एवं आरएसएस की विचारधारा का मुख्य तत्व है। पार्टी ने कहा कि भाजपा जितनी भी कोशिश कर ले इन नामों को हटाकर कोई नया भारत नहीं बनाया जा सकता। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि गांधी, आंबेडकर एवं नेहरू के नाम, उनकी विचारधारा तथा उनके नाम लेने वालों से यह चिढ़ व नफ़रत समय-समय पर सामने आती रहती है। पिछले साल शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि शाह ने राज्यसभा में भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा विषय पर दो दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए अपने संबोधन के दौरान बाबासाहेब का अपमान किया। मुख्य विपक्षी दल ने शाह के संबोधन का एक वीडियो अंश भी जारी किया था जिसमें गृह मंत्री विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं कि अभी एक फैशन हो गया है- आंबेडकर, आंबेडकर। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता। बाद में शाह ने कहा था कि कांग्रेस उनके कथन तोड़-मरोड़ रही है।
