नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोकसभा द्वारा विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025 पारित होने के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि इससे महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) खत्म हो जाएगा और यह मजदूरों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष सरकार के इस कदम का पुरजोर विरोध करेंगे।  लोकसभा ने बृहस्पतिवार को विपक्ष के विरोध के बीच विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025 को पारित कर दिया। प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, इस विधेयक से मनरेगा खत्म होने जा रहा है। हम इस विधेयक का पूरी तरह से विरोध करेंगे। इस पर सभी विपक्षी पार्टियां सहमत हैं। उन्होंने दावा किया कि 100 दिन से 125 दिन की मजदूरी वाली बात सिर्फ एक चालाकी है क्योंकि विधेयक पढ़ने पर किसी को भी यह समझ आ जाएगा कि मनरेगा को खत्म किया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा, जैसे ही बजट का बोझ राज्य सरकारों पर पड़ेगा, वैसे ही धीरे-धीरे मनरेगा बंद हो जाएगा क्योंकि राज्यों के पास पैसे नहीं हैं। उनका कहना था कि मनरेगा योजना देश के गरीब से गरीब लोगों के लिए रोजगार का सहारा थी, जो कोरोना जैसे मुश्किल हालातों में भी उनके साथ थी। उन्होंने कहा, विधेयक गरीबों, मजदूरों के खिलाफ है, हम इसका सख्त विरोध करेंगे।