नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की उच्च-प्रभाव वाली सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया और पाकिस्तान स्थित कई आतंकी ठिकानों पर हमले के बाद पड़ोसी देश की गैर जिम्मेदाराना प्रतिक्रिया से निपटने के लिए भारतीय वायुसेना की सराहना की। सिंह ने भारतीय वायुसेना के शीर्ष कमांडरों को संबोधित करते हुए वायुसेना को तकनीकी रूप से उन्नत, संचालन में चुस्त, रणनीतिक रूप से आत्मविश्वासी और भविष्य-केंद्रित बल बताया, जो लगातार बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में राष्ट्रीय हितों की रक्षा कर रहा है। रक्षामंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकी शिविरों को नष्ट करने में भारतीय वायुसेना के साहस, गति और सटीकता की प्रशंसा की। सिंह ने निर्णायक बढ़त बनाए रखने के लिए दुश्मन की आक्रामक एवं रक्षात्मक क्षमताओं को गहराई से समझने के महत्व पर जोर देते हुए कमांडरों से ऑपरेशन सिंदूर से सबक लेने और भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहने का आह्वान भी किया।