नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ओमान का सर्वाेच्च नागरिक सम्मान मिलना राजनेता के रूप में उनकी पहचान और एक वैश्विक नेता के रूप में उनकी स्वीकार्यता का बड़ा प्रमाण है।  शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी को लगातार मिल रहे सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की ताकत और उनके नेतृत्व में एक बदलते राष्ट्र के रूप में भारत के उभरने का प्रमाण हैं।  उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को ओमान का सर्वाेच्च नागरिक सम्मान, द फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर ऑफ ओमान दिया जाना, राजनेता के तौर पर उनकी पहचान और एक वैश्विक नेता के रूप में उनकी स्वीकार्यता का बड़ा प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी को यह पुरस्कार ओमान की उनकी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रदान किया गया। वह जॉर्डन और इथियोपिया के बाद अंतिम पड़ाव के तौर पर वहां पहुंचे। इस तरह मोदी को दूसरे देशों से मिले 28 से अधिक सर्वाेच्च नागरिक पुरस्कारों की प्रतिष्ठित सूची में एक और सम्मान जुड़ गया है, जिसमें हाल में प्रदान किए गए इथियोपिया का ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया और कुवैत का ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर जैसे सम्मान शामिल हैं। मस्कट की मोदी की यात्रा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है, जिसमें दोनों पक्ष व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा और संस्कृति में रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।