कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के लोग तृणमूल कांग्रेस के ैकुशासनै के कारण हर क्षेत्र में पीड़ित हैं, और उसकी लूट और धमकियों ने सारी हदें पार कर दी हैं। मोदी शनिवार को नदिया जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे और राजमार्ग परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद को लेकर बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच उनका यह दौरा होगा। प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, 20 दिसंबर को, मैं राणाघाट में भाजपा की रैली को संबोधित करूंगा। पश्चिम बंगाल के लोग केंद्र सरकार की कई जनहितकारी पहल से लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, वे हर क्षेत्र में तृणमूल के कुशासन के कारण पीड़ित हैं। तृणमूल की लूट और धमकियों ने सारी हदें पार कर दी हैं। इसीलिए भाजपा ही जनता की उम्मीद है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का लगातार विरोध कर रही है। बनर्जी का आरोप है कि बड़ी संख्या में वास्तविक मतदाता, विशेष रूप से शरणार्थी हिंदू इसके कारण मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। प्रधानमंत्री लगभग 3,200 करोड़ रुपए की लागत वाली दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला भी रखेंगे। मोदी ने एक्स पर एक अलग पोस्ट में कहा कि इन परियोजनाओं से कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच संपर्क बेहतर होगा।
