गुवाहाटी।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर उसके शासनकाल के दौरान असम और पूर्वाेत्तर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार उन गलतियों को सुधार रही है, जो कांग्रेस दशकों से इस क्षेत्र में करती आ रही थी। गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन करने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि असम और पूर्वाेत्तर का विकास कभी भी कांग्रेस के एजेंडे का हिस्सा नहीं था।
 
 
प्रधानमंत्री ने दावा किया, कांग्रेस ने उन घुसपैठियों को संरक्षण दिया, जिन्होंने जंगल और जमीन पर कब्जा कर लिया, जिससे असम की सुरक्षा और अस्मिता को खतरा पैदा हो गया... भाजपा सरकार पूर्वाेत्तर में दशकों तक कांग्रेस की ओर से की गई गलतियों को सुधार रही है। 
 प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल से असम पहुंचे। बंगाल में उन्होंने एक रैली को संबोधित किया। दोनों राज्यों में छह महीने से भी कम समय में विधानसभा चुनाव होने हैं।
 
 
मोदी ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) इसलिए शुरू किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घुसपैठियों को चुनाव प्रक्रिया से बाहर रखा जा सके, लेकिन देशद्रोही उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।  उन्होंने कहा, केंद्र सरकार घुसपैठ रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है।  मोदी ने कहा कि आजादी से पहले, जब मुस्लिम लीग और अंग्रेज भारत के बंटवारे की तैयारी कर रहे थे, तब असम को पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की साजिश रची गई थी।
 
 
उन्होंने दावा किया, ैकांग्रेस इस साजिश का हिस्सा बनने वाली थी। लेकिन वह गोपीनाथ बरदोलोई थे, जिन्होंने अपनी पार्टी के खिलाफ खड़े होकर असम की पहचान को नष्ट करने की इस साजिश का विरोध किया और असम को देश से अलग होने से बचाया।प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा पार्टी लाइन से ऊपर उठकर हर देशभक्त का सम्मान करती है और (अटल बिहारी) वाजपेई सरकार ने बरदोलोई को भारत रत्न से अलंकृत किया था।
 
 
उन्होंने आरोप लगाया,बरदोलोई ने आजादी से पहले असम को बचाया था, लेकिन स्वतंत्रता के बाद के युग में सत्ताधारी दल ने एक बार फिर राष्ट्रविरोधी गतिविधियां शुरू कर दीं, धार्मिक तुष्टीकरण के माध्यम से अपने वोट बैंक का विस्तार करने की साजिश रची और बंगाल तथा असम में घुसपैठियों को खुली छूट दे दी।