नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देते हुए बुधवार को तीन नए मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी, जिसमें आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक 9.91 किलोमीटर का एक खंड भी शामिल है, जो लुटियंस दिल्ली में सभी कर्तव्य भवनों, इंडिया गेट, भारत मंडपम, राष्ट्रीय समर स्मारक और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को जोड़ेगा। सरकार के अनुसार नया सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर सभी कर्तव्य भवनों को संपर्क प्रदान करेगा, जिससे इस क्षेत्र में आने-जाने वाले कार्यालय कर्मियों और आगंतुकों को सीधे उनके कार्यालय तक पहुंच की सुविधा मिलेगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस कॉरिडोर के निर्माण से प्रतिदिन लगभग 60,000 कार्यालय जाने वाले और दो लाख आगंतुक लाभान्वित होंगे। ए कॉरिडोर प्रदूषण और जीवाश्म ईंधन के उपयोग को और कम करेंगे, जिससे जीवनयापन आसान होगा। इस खंड में शामिल स्टेशनों में आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, समर स्मारक-उच्च न्यायालय, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में दो अन्य कॉरिडोर एयरोसिटी से एयरपोर्ट टी-। (2.263 किमी) और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज (3.9 किमी) को भी मंजूरी दी गई।