लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने छह दशकों तक भारतीय राजनीति में मूल्यों और आदर्शों का समावेश करते हुए इसे नई ऊंचाई प्रदान की। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के साथ यहां अटल गीत गंगा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने वाजपेई की जयंती की पूर्व संध्या पर अटल महानायक पुस्तिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, अटल जी ने छह दशकों तक भारतीय राजनीति को मूल्यों और आदर्शों के साथ नई ऊंचाई प्रदान की। राजनीतिक जुड़ाव जिस भी पार्टी से हो, नेता ईमानदारी बनाए रखते हुए अपनी छाप छोड़ सकते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा, अटल जी की प्रेरणा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदृष्टि न केवल उनके राजनीतिक कार्य, बल्कि उनकी कविता में भी झलकती थी। एक कवि, लेखक, पत्रकार और एक दूरदर्शी राजनेता के तौर पर उनका पूरे देश में सम्मान था और दुनियाभर में उनकी प्रशंसा की गई। अटल जी भारतीय राजनीति में एक अद्वितीय व्यक्तित्व थे।
वाजपेई की कृति हार नहीं मानूंगा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, यह चुनौतियों का सामना कर रहे नागरिकों को निरंतर प्रेरणा देती है। जहां अटल जी ह्रदय से कवि थे, उन्होंने इस राष्ट्र के लिए अथक दृढ़ता से काम किया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व से ग्रामीण विकास, शहरी संपर्क और जन कल्याण प्रणाली में परिवर्तन आया। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि जब वाजपेई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष बने, पार्टी चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही थी। दृढ़ संकल्प के साथ उन्होंने कहा, अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाजपेई ने विपक्षी दलों से कहा, भाजपा से लड़ो, भारत से नहीं।
अटल जी की कविता- मेरे प्रभु, मुझको कभी इतनी ऊंचाई ना देना, आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों और देश को प्रेरणा देती रहती है।अटल जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में प्रतियोगिताएं आयोजित की। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने वाले राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, इस स्थल पर डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेई की 65 फुट की कांस्य प्रतिमा के साथ ही एक डिजिटल संग्रहालय होगा जिसमें इन नेताओं के दर्शन और विजन को प्रदर्शित किया जाएगा।
