ग्वालियर (मध्यप्रदेश)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि हर जगह बीज बोकर फसल उगाई जाती है लेकिन मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति इतनी आकर्षक और यहां की भूमि इतनी उपजाऊ है कि निवेशक यहां रुपए बोकर करोड़ों कमा सकते हैं।शाह यहां के मेला मैदान में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर आयोजित अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट के उद्घाटन और दो लाख करोड़ रुपए से अधिक लागत की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करते हुए शाह ने कहा, हर जगह बीज बोकर फसल उगाई जाती है, लेकिन मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थित इतनी आकर्षक है कि यहां रुपया बोकर आप करोड़ों रुपए कमा सकते हैं। इतनी उपजाऊ हमारे मध्यप्रदेश की भूमि है।  उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने यह शुरुआत की है और कम से कम उन्हें यह विश्वास है कि इसके बहुत अच्छा परिणाम सामने आएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने क्षेत्रीय निवेश सम्मेलनों के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव की सराहना की और कहा कि जब कोई राज्य क्षेत्रीय संतुलन से विकास करता है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा जनता और निवेशकों को होता है। उन्होंने कहा, जब क्षेत्रीय विशेषता वाले उद्योग विकसित होते हैं तो वह टिकाऊ और सफल भी होते हैं। यह नया विचार मध्यप्रदेश के लिए शुभ हो। जिन लोगों ने निवेश किया है, उनको भी बहुत शुभकामनाएं।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान वहां आयोजित किए गए वाइब्रेंट गुजरात निवेशक सम्मेलन का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने राज्य की राजधानी में ऐसे आयोजनों की एक व्यवस्थित और वैज्ञानिक शुरुआत की थी। उन्होंने कहा, इससे राज्य में निवेश आता था। यह बहुत अच्छा प्रयास था और सफल भी हुआ। मगर मोहन यादव ने एक नई शुरुआत की है-राज्य के संतुलित विकास के लिए क्षेत्रीय निवेश सम्मेलन। इस शुरुआत से सभी राज्यों में आने वाले दिनों में राज्य के संतुलित विकास के लिए बेहद फायदा होगा।  उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति का शत-प्रतिशत दोहन करने के लिए इंदौर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क बनाया जा रहा है और यह देशभर की कंपनियों को अपने गोदाम व हब स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रहा है।