अहमदाबाद। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सबसे बड़ी उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों के मन से हीन भावना को खत्म करना और उनमें आत्मविश्वास का संचार करना है। उन्होंने कहा कि अब तक 29 देशों ने मोदी को अपने सर्वाेच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है और यह प्रधानमंत्री की उस क्षमता को दर्शाता है, जिसके तहत वे जटिल समस्याओं का स्थाई समाधान खोजने में सक्षम हैं, और यही क्षमता उन्हें एक महान नेता बनाती है। शाह प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित नमोत्सव नामक एक कार्यक्रम से पहले अहमदाबाद के पास सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भारत ने 2021 में अपनी स्वतंत्रता के 75 वर्षों का जश्न मनाया, तब मोदी ने देश से आह्वान किया था कि भारत को उसकी स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष तक दुनिया का अग्रणी देश बनाने की दिशा में काम किया जाए। शाह ने कहा, मोदी के आह्वान पर सभी ने उस अभियान में भाग लिया। मोदी ने वर्षों की दासता से उत्पन्न हुई हीन भावना को देशवासियों के मन से निकाल दिया और उनमें आत्मविश्वास का संचार किया। मुझे लगता है कि यह प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।