नई दिल्ली। उत्तर भारत शनिवार को भयंकर ठंड की चपेट में रहा तथा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड का प्रकोप रहा और सुबह के शुरुआती घंटों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि चार से सात जनवरी तक राष्ट्रीय राजधानी में अलग-थलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। विभाग ने रविवार को यहां घना कोहरा छाए रहने का एलो अलर्ट जारी किया है। जब न्यूनतम तापमान मौसमी औसत से 4.5 से 6.5 डिग्री नीचे गिर जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है।
 
 
 भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.2 डिग्री अधिक था। यहां अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। यहां आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर सबसे अधिक अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। सफदरजंग में सुबह लगभग नौ बजे सबसे कम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई, जो बाद में सुधरकर।,200 मीटर हो गई। पश्चिमी हिमालय पर्वतमाला के कई स्थानों पर पारा हिमांक बिंदु से नीचे गिर गया।आईएमडी ने बताया कि कुछ दिनों की राहत के बाद कश्मीर में ठंड फिर लौट आई है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। 
 
 
 
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से कम है। उत्तरी कश्मीर का मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। दक्षिणी कश्मीर के पर्यटक रिसॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।  यह क्षेत्र अभी चिल्ला-ए-कलां के दौर में है, जो 40 दिनों की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है।
 
 
हिमाचल प्रदेश के सिलसिले में मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले हफ्ते सात जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताते हुए शनिवार को एलो वार्निंग जारी की। मौसम विभाग ने चार से सात जनवरी तक सुबह के दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में छिटपुट स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की एलो वार्निंग जारी की। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे और कल्पा में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया कि किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों में छह जनवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी होगी।