ढाका। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भेजे गए शोक संदेश के लिए आभार व्यक्त किया और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को याद किया। बांग्लादेश की तीन बार प्रधानमंत्री रहीं एवं बीएनपी की वरिष्ठ नेता जिया का 30 दिसंबर को निधन हो गया था। बीएनपी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, माननीय नरेन्द्र मोदी आपके शोक संदेश और श्रद्धांजलि के लिए हम हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। बांग्लादेश-भारत संबंधों में बेगम खालिदा जिया के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।  विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को जिया के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और बीएनपी नेता एवं जिया के बड़े बेटे तारिक रहमान को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शोक संदेश सौंपा था।