नई दिल्ली। उत्तर भारत में रविवार को ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। राजधानी में दिन का तापमान गिर गया और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता बाधित रही। कश्मीर में भी तापमान शून्य से नीचे बना रहा और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में घाटी के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या हिमपात का पूर्वानुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद लोधी रोड में 7.6 डिग्री, सफदरजंग में 7.4 डिग्री, पालम में 6.8 डिग्री और आयानगर में 6.6 डिग्री तापमान रहा। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, छह जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। दिल्ली में शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 73 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 307 था, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच होने पर अच्छा , 51 से 100 संतोषजनक , 101 से 200 मध्यम , 201 से 300 खराब , 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है। राजस्थान में कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। न्यूनतम तापमान लूणकरनसर में 2.8 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में चार डिग्री सेल्सियस और सिरोही, पाली एवं चूरू में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। राज्य की राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया।