यूनाइटेड इन ट्रायम्फ में पुरुष, महिला और दृष्टिबाधित महिला टीमों का एक साथ अभिनंदन


मुंबई : श्रीमती नीता एम. अंबानी ने मुंबई में आयोजित यूनाइटेड इन ट्रायम्फ कार्यक्रम में भारत की तीनों विश्व कप जीतने वाली क्रिकेट टीमों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “यह आयोजन भारत की तीनों विश्व कप विजेता क्रिकेट टीमों—पुरुष, महिला और दृष्टिबाधित महिला टीम—के लिए हर भारतीय की ओर से धन्यवाद है। नए साल की शुरुआत इससे बेहतर नहीं हो सकती। आज भारत की तीनों विश्व कप विजेता टीमें एक ही छत के नीचे मौजूद हैं। हर भारतीय की ओर से हम आज उन्हें सम्मानित कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने हमें गर्व और खुशी दी है।”
खेल की अनूठी शक्ति और उसके परिवर्तनकारी प्रभाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “खेल दिलों को जोड़ता है और भारत को एकजुट करता है। आज हम यूनाइटेड इन ट्रायम्फ हैं। आज हम इन खिलाड़ियों और उनकी ऐतिहासिक जीतों का उत्सव मना रहे हैं।”इस कार्यक्रम में तीनों विश्व कप विजेता टीमों के कप्तान—रोहित शर्मा, हरमनप्रीत कौर और दीपिका टीसी—खास तौर पर मौजूद रहे। उनके नेतृत्व, समर्पण और आत्मविश्वास ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई और देश को प्रेरित किया।समारोह में जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और गंगा कदम जैसे खिलाड़ी भी शामिल हुए। इसके साथ ही क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और रविचंद्रन अश्विन, ओलंपिक और पैरालंपिक चैंपियन मुरलीकांत पेटकर, दीपा मलिक और देवेंद्र झाझरिया, तथा फिल्म जगत के दिग्गज अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।यूनाइटेड इन ट्रायम्फ कार्यक्रम खेल के माध्यम से एकता, सम्मान और प्रेरणा का संदेश देता है और भारत की खेल उपलब्धियों का भव्य उत्सव है।