नई दिल्ली। सभी उत्तरी राज्यों में सर्दी का सितम बृहस्पतिवार को और बढ़ गया, जहां जम्मू-कश्मीर में डल झील और कई अन्य जलस्रोतों में पानी जम गया और राष्ट्रीय राजधानी तथा उत्तर प्रदेश में पारा और नीचे चला गया। अधिकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी बर्फीली शीत लहर की स्थिति जारी रही, 13 जिलों में तापमान शून्य से नीचे और चार में शून्य के करीब रहा। जम्मू-कश्मीर में, श्रीनगर सहित कई स्थानों पर मौसम की सबसे ठंडी रात महसूस की गई और अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी की वजह से यहां की प्रसिद्ध डल झील समेत कई जलस्रोतों के किनारे पानी जम गया। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो मंगलवार रात के शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान से 3.5 डिग्री कम है। उन्होंने बताया कि यह शहर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी और न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य से 3.2 डिग्री कम था। उन्होंने बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले का पर्यटन स्थल सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस से कम होकर शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी इस समय अत्यधिक ठंड की 40 दिन की अवधि चिल्ला-ए-कलां से गुजर रही है, जिस दौरान रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला जाता है, और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। हालांकि, इस मौसम में घाटी के मैदानी इलाकों में अब तक कोई बर्फबारी नहीं हुई है।