पुणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को राजनीति में वैचारिक प्रतिबद्धता में लगातार गिरावट पर चिंता व्यक्त की और आरोप लगाया कि अधिकतर राजनीतिक दलों ने अपने मूल सिद्धांतों को त्याग दिया है और वे अपने समर्थकों की संख्या बढ़ाने के लिए विभिन्न हथकंडे अपना रहे हैं।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख पवार ने पीटीआई-भाषा को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि दल बदलना बहुत आम हो गया है, जिसमें नेताओं को प्रलोभन देकर या दबाव डालकर पार्टी बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है।पवार ने कहा, हाल ही में राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी विचारधाराओं को लगभग त्याग दिया है। नेता जहां चाहें वहां जा रहे हैं और जो चाहें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं को प्रलोभन देकर अपने पाले में लाया जा रहा है, जबकि अन्य पर उनके खिलाफ लंबित जांचों का डर दिखाकर और यह आश्वासन देकर दबाव डाला जा रहा है कि उनके दल बदलने के बाद जांच एजेंसियों से निपट लिया जाएगा।उन्होंने दावा किया कि राजनीति में खुलेआम धन और बाहुबल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
