गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों का विवरण इसी महीने के भीतर सामने आ जाएगा। शर्मा ने विपक्षी नेता की पत्नी और बच्चों की ब्रिटिश नागरिकता को लेकर भी उनकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि असम के लोग ऐसे व्यक्ति को कभी भी अपने बोर घोर (पवित्र स्थान) में प्रवेश नहीं करने देंगे। शर्मा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेता कांग्रेस के लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई पर यह आरोप लगाते हुए लगातार निशाना साध रहे हैं कि उनकी पत्नी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ संबंध हैं। गोरेश्वर में एक सरकारी कार्यक्रम से इतर शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, गौरव गोगोई के पाकिस्तानी संबंधों से जुड़े दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। हमारे अधिकारी इस पर काम कर रहे हैं। हम इन्हें फरवरी से पहले आप सभी को सौंप देंगे। दरअसल, जनवरी के अंत से पहले ही इसका खुलासा हो जाएगा।