गुवाहाटी। असम में पंचायत चुनाव के लिए मतगणना रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद पहली बार राज्य के 27 जिलों में दो और सात मई को दो चरणों में मतदान हुआ। असम राज्य निर्वाचन आयोग (एएसईसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, मतपत्रों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई। उम्मीदवारों के मतगणना एजेंट सुबह-सुबह ही इसके लिए पहुंच गए। 
उन्होंने बताया कि हिंसा और व्यवधानों की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने सभी मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने कहा, हजारों सीट पर चुनाव हुए हैं। हम गिनती जल्द से जल्द पूरी करने की कोशिश करेंगे। हालांकि, हमारा मानना है कि यह कल तक खिंच सकती है। कुल 21,920 ग्राम पंचायत सीट हैं, जिनमें से 10,883 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। आंचलिक परिषद की 2,192 सीट और जिला परिषद की 397 सीट के लिए चुनाव हुए। आंचलिक परिषद में महिलाओं के लिए।,124 और जिला परिषद में 199 सीट सुरक्षित हैं। इसके अलावा, 1,289 सीट पर निर्विरोध फैसला हुआ जिनमें जिला परिषद की 21, आंचलिक परिषद की 151 और ग्राम पंचायत की 1,117 सीट शामिल हैं। इस चुनाव में कुल 1.80 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र थे और 74.71 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।