चेन्नई। पंजाब किंग्स के आस्ट्रेलियाई हरफनमौला ग्लेन मैक्सवेल ऊंगली में फ्रेक्चर के कारण आईपीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी टीम ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की। मैक्सवेल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश के कारण धुले पिछले मैच से पहले चोट लगी थी। उस मैच में वह सात रन बनाकर आउट हो गए थे। उनकी जगह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कल रात को सूर्यांश शेडगे ने खेला जिसमें पंजाब को चार विकेट से जीत मिली। पंजाब किंग्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडिल पर लिखा , ग्लेन मैक्सवेल ऊंगली में फ्रेक्चर के कारण सत्र के बाकी मैचों से बाहर। हम उन्हें जल्दी स्वस्थ होने की कामना करते हैं। मैक्सवेल के साथी आस्ट्रेलियाई और पंजाब किंग्स के क्रिकेटर मार्कस स्टोइनिस ने चेन्नई के खिलाफ मैच से पहले जियोस्टार से कहा था , बदकिस्मती से मैक्सवेल की ऊंगली में फ्रेक्चर हो गया है। उसे लगा नहीं था कि चोट इतनी गंभीर होगी लेकिन यह है। उसका स्कैन कराया गया और नतीजा अच्छा नहीं है। लगता है कि वह अब आगे इस टूर्नामेंट में नहीं खेल सकेगा। पंजाब के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने कहा , हम विकल्प पर फैसला लेंगे। उन्होंने कहा , अभी हमें कुछ मैच और खेलने हैं। अभी हम उपलब्ध खिलाडय़िों में से ही विकल्प तलाश रहे हैं। हमारे पास अजमतुल्लाह उमरजइ, आरोन हार्डी और जेवियर बार्टलेट है। हम हालात के अनुरूप टीम संयोजन बनाते हैं।
