पटना। बिहार की राजधानी पटना के बोरिंग कैनाल रोड क्षेत्र में शनिवार शाम कथित रूप से पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद अज्ञात बदमाशों ने हवा में कई गोलियां चलाईं और उसके बाद वे फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अवकाश कुमार ने बताया कि घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सचिवालय के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) साकेत कुमार ने संवाददाताओं से कहा, एसयूवी में सवार अज्ञात बदमाशों ने बोरिंग कैनाल रोड क्षेत्र में हवा में कई गोलियां चलाईं। संयोगवश, कानून एवं व्यवस्था के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पंकज दराद भी उसी समय एक बैठक के बाद वहां से लौट रहे थे। उन्होंने बताया, एडीजी के सुरक्षा गार्ड ने बदमाशों को रोकने के प्रयास में जीपीओ गोलंबर के पास हवा में गोली चलाई, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए फरार हो गए। दराद ने तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी।  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने हवा में कई गोलियां चलाईं। एसएसपी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी जिस काली एसयूवी में सवार थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इस बीच, पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि निलंबित अधिकारियों में एक उपनिरीक्षक, दो सहायक उपनिरीक्षक और दो महिला कांस्टेबल सहित तीन कांस्टेबल शामिल हैं।