पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान में 2.87 करोड़ रुपये लागत के एनेक्सी भवन, 4.90 करोड रुपए लागत के वार्डेन ब्लॉक तथा 5.33 करोड़ रुपये की लागत के स्टार्टअप ब्लॉक का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं तथा शैक्षणिक कार्यकलापों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा चयनित 20 सहायक प्राध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सहायक प्राध्यापक प्रबंधक रीतू नारायण, प्रीति सिंह, अशोक कुमार, सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर संतोष कुमार झा एवं संजय कुमार को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत में ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान परिसर में स्थापित पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री स्व. ललित नारायण मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के निदेशक डॉ. एस. सिद्धार्थ ने हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। साथ ही शिक्षा मंत्री सह कार्यकारी अध्यक्ष, ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान सुनील कुमार ने भी मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
