अहमदाबाद। सोमवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के साबरमती साइड स्थित फुट ओवर ब्रिज पर सुरक्षा निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के एसआईपीएफ पीयूष चौधरी को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में टीटीई  की वर्दी में दिखाई दिया। शक होने पर पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। 
उसे तत्काल पोस्ट पर लाकर जब गहन पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम शिव शंकर जैसवाल, पुत्र छोटेलाल जैसवाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी सुंदरपुर, वाराणसी उत्तर प्रदेश बताया।
पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने स्वीकार किया कि वह फर्जी तरीके से टीटीई की वर्दी पहनकर यात्रियों की टिकट जांच करता है और क्यूआर कोड के माध्यम से उनसे धनराशि वसूलता है। इससे पूर्व भी दिनांक 30.05.2025 को अहमदाबाद स्टेशन पर इसी प्रकार की गतिविधि करते हुए देखा गया था।
तलाशी के दौरान उसके पास कोई वैध रेलवे पहचान पत्र  या  ईएफटी नहीं पाया गया। उसके पास केवल एटीएम कार्ड और आधार कार्ड मिला। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर मजदूर वर्ग व कम पढ़े-लिखे यात्रियों को निशाना बनाकर, टिकट में त्रुटि बताकर या प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को बर्थ देने के नाम पर क्तक्र कोड स्कैन कर राशि वसूल करता था।
संदिग्ध द्वारा अपनी पहचान छुपाने के उद्देश्य से फेस मास्क का प्रयोग किया जाता था। उक्त व्यक्ति को अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपीअहमदाबाद को सुपुर्द कर दिया गया है।  रेलवे प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे केवल अधिकृत एवं पहचान-पत्रधारी टिकट निरीक्षकों को ही टिकट दिखाएं और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस या संबंधित अधिकारी को दें।