अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मण्डल पर 22 मई से 5 जून तक विश्व पर्यावरण दिवस अभियान चलाया गया, जिसकी मुख्य थीम प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना है, यह पहल पर्यावरणीय स्थिरता और अपने परिचालन में प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए अहमदाबाद मण्डल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, यार्ड, शेड, कारखानों, कॉलोनियों आदि स्थलों पर व्यापक गतिविधियों को शामिल करते हुए कई जागरूकता अभियान चलाए गए। अभियान की शुरुआत 22 मई को एक सार्वजनिक सभा और शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई, जहाँ अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्लास्टिक प्रदूषण से सक्रिय रूप से निपटने की शपथ ली। 28 मई से 5 जून तक मण्डल पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गई। अहमदाबाद, मणिनगर, वटवा, पालनपुर, महेसाणा, गांधीधाम, भुज, विरमगाम, सामाख्याली, राधनपुर, भीलड़ी एवं अन्य विभिन्न स्थानों पर रेल कर्मियों एवं स्वयं सेवक संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। यात्रियों को एक बार उपयोग में आने वाली प्लास्टिक की बोतलों के निपटान और स्टेशनों पर कूड़ा-करकट कम करने के लिए प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों का उपयोग करने के लिए शिक्षित और प्रोत्साहित किया गया। एक बार उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए फूड स्टॉल का निरीक्षण किया गया। रेलवे स्टेशनों पर सार्वजनिक घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को अपनी बोतलों में पानी भरने और प्लास्टिक की बोतलों के उपयोग को सीमित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।