जम्मू/श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद हाल में शुरू की गई वंदे भारत एक्सप्रेस से बुधवार को श्रीनगर लौट आए। पूर्व मुख्यमंत्री ने वापस लौटने पर संवाददाताओं से कहा, बहुत अच्छे से दर्शन किए और मुझे उम्मीद है कि मंदिर में शांति, प्रगति और भाईचारे के लिए की गई हमारी सभी प्रार्थनाएं स्वीकार होंगी ताकि हम आगे बढ़ सकें और हमारा देश भी आगे बढ़े तथा हम इसके विकास पथ का हिस्सा बन सकें।
सत्तासी वर्षीय अब्दुल्ला ने कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोडऩे वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में मंगलवार को पहली बार यात्रा की और कटरा पहुंचे। वह रात भर मंदिर के गर्भगृह में रुके और मंदिर में विशेष प्रार्थना में हिस्सा लिया। उनके साथ उनके पोते जमीर और जाहिद, जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी और मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक सहित नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई विधायक भी थे। मंदिर में रात्रि विश्राम के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा, मुझे बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा, ैमैं यहां ट्रेन से आया हूं और यह सेवा हमारे लिए एक नई शुरुआत है। इससे न केवल माता के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि अमरनाथ गुफा मंदिर जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए भी यह फायदेमंद साबित होगा और वे भी बड़ी संख्या में आएंगे। इससे जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को लाभ होगा।
