श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल मार्ग पर हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सिन्हा ने कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल स्थित श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के आपदा प्रबंधन एवं यात्री निवास परिसर में जारी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। 
सिन्हा ने अधिकारियों को 38 दिवसीय यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के लिए विकसित की जा रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बालटाल और पहलगाम से शुरू होने वाली है। प्रवक्ता ने बताया कि दोमेल में उपराज्यपाल ने कार्य बल के सदस्यों और यात्रा मार्ग के सुधार एवं रखरखाव कार्यों में लगे सीमा सड़क संगठन के कर्मचारियों के साथ भी बातचीत की।