रांची। दक्षिण-पश्चिमी मानसून के 17 से 19 जून के बीच झारखंड पहुंचने की संभावना है और इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और मध्यवर्ती क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में सोमवार के लिए एलो अलर्ट (भारी बारिश की चेतावनी) जारी किया गया है, जबकि 17 जून से दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट (भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी) जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने पीटीआई-भाषा से कहा, राज्य में रविवार से मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। राज्य में 17 से 19 जून के बीच मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल प्रतीत हो रही हैं।  इस वर्ष मानसून 24 मई को ही केरल पहुंच गया था, जो सामान्य समय से एक सप्ताह पहले है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2010 से अब तक मानसून आमतौर पर 12 जून से 25 जून के बीच झारखंड पहुंचता रहा है। आनंद ने बताया कि चार महीने की मानसून अवधि के दौरान राज्य में सामान्य बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से सोमवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।