कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोमवार को केंद्र पर जवाबदेही की कमी का आरोप लगाया और सीमा सुरक्षा, विदेश नीति समेत पांच मुद्दों पर सवाल उठाए। बनर्जी ने एक्स पर एक लंबे पोस्ट में दावा किया, पहलगाम आतंकी हमले को 55 दिन से अधिक हो चुके हैं। यह बेहद चिंताजनक है कि लोकतंत्र में, न तो मुख्यधारा का मीडिया, न ही विपक्ष के सदस्य और न ही न्यायपालिका भारत सरकार के समक्ष इन पांच महत्वपूर्ण सवालों को उठाने के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा, हालांकि, राष्ट्र की भलाई के लिए प्रतिबद्ध एक नागरिक और जवाबदेही वाले एक जनप्रतिनिधि के रूप में, मैं भारत सरकार के समक्ष ए पांच सवाल उठाता हूं। 
तृणमूल नेता ने सबसे पहले सवाल किया कि कैसे चार भारी हथियारबंद आतंकवादी भारतीय सीमाओं में घुसपैठ करने और एक हमला करने में कामयाब रहे, जिसमें 26 नागरिक मारे गए। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा में भारी सेंध बताते हुए, बनर्जी ने पूछा कि विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने आसूचना ब्यूरो (आईबी) पर भी निशाना साधा और सवाल किया कि हमले के एक महीने बाद ही उसके प्रमुख का कार्यकाल एक साल क्यों बढ़ा दिया गया।