गुवाहाटी। असम में कोविड-19 के सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण से पीड़ित पांच और लोग ठीक हो गए हैं। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राज्य में अब 41 सक्रिय मामले हैं, जो रविवार की तुलना में चार कम हैं। 
मंत्रालय ने बताया कि जनवरी 2025 से अब तक असम में कुल 50 लोग कोविड-19 से पीडि़त होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जिनमें पांच मरीजों ने बीते 24 घंटे में संक्रमण को मात दी। देशभर की स्थिति की बात करें तो फिलहाल भारत में कोविड-19 के 4,425 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटों में संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत हुई है।  आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अधिकांश मामलों में लक्षण हल्के हैं और मरीजों को घर पर ही उपचार दिया जा रहा है।