राजकोट। राजकोट रेल मंडल खिलाडिय़ों को उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएँ प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में, राजकोट मंडल खेलकूद संघ ने हाल ही में राजकोट स्थित रेलवे क्रिकेट ग्राउंड परिसर में एक अत्याधुनिक हाई-टेक जिम का उद्घाटन किया है। इस जिम का शुभारम्भ राजकोट मंडल खेलकूद संघ के अध्यक्ष और मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने किया। इस अवसर पर, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, राजकोट की अध्यक्षा रंजना सिंह ने नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया, जिससे खिलाडिय़ों के लिए सुविधाओं का दायरा और बढ़ गया है। इसी अवसर पर, आरडीएसए का नया लोगो भी जारी किया गया। यह नया लोगो आरडीएसए की नई पहचान बनेगा और खिलाडिय़ों में अपने संगठन के प्रति गर्व और जुड़ाव की भावना को मजबूत करेगा।
उद्घाटन समारोह में बोलते हुए, मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने राजकोट मंडल खेलकूद संघ के सचिव और वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी आर.सी. मीणा और उनकी पूरी टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई जिम सुविधा रेलवे के सभी खिलाडिय़ों, आरडीएसए कैंप के प्रतिभागियों, रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। लगभग 30 लाख रुपये की कुल लागत से निर्मित इस जिम में फिटनेस से संबंधित कई तरह के अद्यतन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जो खिलाडिय़ों को अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करेंगे। जिम सप्ताह के सभी दिन सुबह 06:30 बजे से 10:30 बजे तक और शाम को 16:30 बजे से 20:30 बजे तक खुला रहेगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर राजकोट मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक कौशल कुमार चौबे, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा ममता चौबे व उनकी टीम, विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी, रेलकर्मी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
