पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को हालिया बाढ़ से प्रभावित 6.51 लाख से अधिक परिवारों के बैंक खातों में सीधे 456 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रत्एक बाढ़ पीडि़त परिवार को 7,000 रुपए की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई है। यह राशि पटना स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खातों में हस्तांतरित की गई। बयान में कहा गया, कुल 456.12 करोड़ रुपए की राशि 12 जिलों के 6,51,602 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई। 
 मुख्यमंत्री ने हाल में अनुग्रह सहायता राशि को 6,000 रुपए से बढ़ाकर 7,000 रुपए प्रति परिवार करने की घोषणा की थी। अधिकारियों के अनुसार, बीते 24 घंटों में हुई भारी बारिश के कारण कई नदियों के उफान पर होने से राज्य के अनेक हिस्सों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ से प्रभावित जिलों में भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगडय़िा, भागलपुर और कटिहार शामिल हैं। 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया कि सितंबर में संभावित बारिश को देखते हुए सतर्क रहें। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।