रंगिया (असम)। असम के कामरूप जिले में भारत-भूटान सीमा के पास एक व्यक्ति के कब्जे से वन्य जीवों के अंग जब्त करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 24वीं बटालियन के कमांडेंट एच के गुप्ता ने बताया कि एसएसबी, पुलिस और वन कर्मियों की एक संयुक्त टीम ने गुआबाड़ी सीमा चौकी के पास अभियान चलाया और बृहस्पतिवार को सीमा के भारतीय हिस्से में सोम हंसदा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से हाथी के दांत, जंगली सूअर के दांत और बाल, उल्लू की खोपड़ी और कई अन्य जानवरों की हड्डियां बरामद की गईं। हंसदा को कुमारिकाटा वन विभाग के हवाले कर दिया गया है। गुप्ता ने कहा कि एसएसबी नियमित रूप से स्थानीय नागरिकों से मिलती है और उन्हें सीमा क्षेत्र में किसी भी आपराधिक गतिविधि या अवैध तस्करी के बारे में निकटतम एसएसबी सीमा चौकी या बटालियन मुख्यालय को सूचित करने के लिए प्रोत्साहित करती है।