ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश की पुलिस ने राज्य में बीएसएनएल के मोबाइल फोन टावर के निर्माण के संबंध में ठेकेदारों से 52 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में गुवाहाटी के एक व्यवसाई को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपी (41) लगभग एक वर्ष से फरार था और उसे असम पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया। वेस्ट सियांग के पुलिस अधीक्षक कर्दक रीबा ने कहा कि व्यवसाई ने आलो और अरुणाचल प्रदेश के अन्य हिस्सों में बीएसएनएल टावर के निर्माण के लिए एक कंपनी के माध्यम से उप-अनुबंध हासिल किए थे।  स्थानीय ठेकेदारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि सात टावर के लिए कार्य पूरा होने के बावजूद व्यवसाई मुख्य कंपनी से पूरा भुगतान प्राप्त करने के बाद भी उनका बकाया देने में विफल रहा। अभियान की निगरानी करने वाले एसपी ने कहा कि आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और शिकायतकर्ताओं व कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क करने से बचता रहा। उन्होंने कहा, 25 अगस्त को हुई यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता है और इससे सरकारी ठेकों में धोखाधड़ी के व्यापक नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।  उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।