ठाणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि दिसंबर तक ठाणे शहर में मेट्रो सेवाओं की घोषणा आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले चुनावी प्रलोभन नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी शिवसेना केवल चुनाव आने पर ही काम नहीं करती, बल्कि साल भर लोगों की सेवा करती है। शिंदे ने दावा किया, जब कांग्रेस के पृथ्वीराज चव्हाण मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने कहा था कि ठाणे में मेट्रो व्यवहार्य नहीं है। हम लोगों, क्षेत्र के विधायकों ने आंदोलन किया और देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने के बाद, इस परियोजना ने गति पकड़ी।  उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार के कार्यकाल के दौरान, जिसका वह हिस्सा थे, ठाणे मेट्रो परियोजना को विभिन्न बाधाओं का सामना करना पड़ा, जिन्हें अंतत: मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान दूर कर दिया गया।