बेंगलुरु। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का प्रार्थना गीत गाने समेत कई मुद्दों पर आलोचनाओं का सामना कर रहे कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि अब वह चुप रहेंगे और किसी भी विषय पर टिप्पणी के लिए पार्टी प्रवक्ताओं से संपर्क किया जा सकता है। शिवकुमार की भाजपा ने यह कहने के लिए आलोचना की थी कि चामुंडेश्वरी पर्वतीय क्षेत्र केवल हिंदुओं की संपत्ति नहीं है। मैसुरु के सांसद और मैसुरु राजघराने के वंशज यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वाडियार ने शिवकुमार के उनकी कुलदेवी को लेकर दिए गए बयान को आहत करने वाला बताया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद वाडियार ने कहा, यह बहुत ही पीड़ादायक और हास्यास्पद बयान है। ऐसे समय में जब लोग देवी गौरी और गणेश की पूजा कर रहे हैं, ऐसा बयान दिया गया जिससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। यह निंदनीय है।
