बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित वोटर अधिकार रैली में शामिल होने के लिए शुक्रवार को बिहार पहुंचे। उनके कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री सुबह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर हवाई अड्डे पर उतरे और सड़क मार्ग से बिहार के गोपालगंज पहुंचे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का स्वागत किया। कनार्टक से बिहार की रैली में शामिल होने के लिए सिद्धरमैया के साथ करीब 20 नेता गए हैं, जिनमें मंत्री के जे जॉर्ज, जी परमेश्वर, बी जेड जमीर अहमद खान, सतीश जारकीहोली, के सुधाकर, राजनीतिक सचिव नसीर अहमद, कानूनी सलाहकार पोन्नन्ना, विधान परिषद के मुख्य सचेतक सलीम अहमद, विधान पार्षद बी के हरिप्रसाद और मुख्यमंत्री के बेटे यतींद्र सिद्धरमैया शामिल हैं। सीएमओ ने कहा कि कर्नाटक से गए सभी नेता बिहार में चल रही वोटर अधिकार रैली में हिस्सा लेंगे।
