गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने प्रणब मुखर्जी को उनकी पुण्यतिथि पर रविवार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति ने देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, असाधारण सांसद, विद्वान एवं राजनेता दिवंगत प्रणब मुखर्जी ने अपना जीवन भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने को मजबूत करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा, आज, मैं पूर्व राष्ट्रपति की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। वह वास्तव में भारत रत्न और ब्रांड भारत के प्रणेता थे। मुखर्जी ने पांच दशकों के राजनीतिक करियर के बाद 25 जुलाई 2012 को भारत के 13वें राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण किया था। उन्हें अलग-अलग समय पर विदेश, रक्षा, वाणिज्य और वित्त मंत्री के रूप में सेवाएं देने का दुर्लभ गौरव प्राप्त है। वह 1969 से पांच बार राज्यसभा के लिए और 2004 से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए। मुखर्जी 23 साल तक पार्टी की सर्वाेच्च नीति-निर्धारक संस्था- कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य रहे। मुखर्जी का 31 अगस्त, 2020 को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
