नागपुर। नागपुर से कोलकाता जा रहा इंडिगो का एक विमान मंगलवार की सुबह उड़ान भरने के पश्चात पक्षी के टकराने के बाद हवाई अड्डे पर लौट आया। हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 160 से 165 यात्रियों को ले जा रहे विमान को नागपुर हवाई अड्डे पर एहतियात के तौर पर लौटना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि उड़ान रद्द कर दी गई है विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, दो सितंबर को नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 812 से, उसके उड़ान भरने के तुरंत बाद एक पक्षी टकरा गया। विमान चालकों ने एहतियात के तौर पर विमान को वापस मोडऩे का फैसला किया और विमान नागपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।  प्रवक्ता ने कहा, विमान के आवश्यक निरीक्षण और रखरखाव की आवश्यकता के कारण उड़ान को आज के लिए रद्द कर दिया गया है। अपने ग्राहकों की असुविधा को कम करने के लिए हमने उन्हें जलपान की पेशकश की, वैकल्पिक व्यवस्थाएं कीं औराया बुकिंग रद्द कराने का विकल्प चुनने पर पूरा पैसा वापस किया।